अगर आप अपनी डाइट में बीन्स शामिल करते हैं तो यह आपकी सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है। बीन्स को अक्सर सुपरफूड कहा जाता है क्योंकि यह प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी मिनरल्स का बेहतरीन स्रोत है। इसमें जिंक और आयरन भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं, जो शरीर को मजबूत बनाने में मदद करते हैं।

विशेषज्ञों के अनुसार बीन्स गट हेल्थ यानी पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती है। इसमें मौजूद सॉल्यूबल फाइबर शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करता है, जिससे दिल की सेहत बेहतर रहती है। इसके अलावा बीन्स ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में भी सहायक मानी जाती है, इसलिए यह डायबिटीज के मरीजों के लिए भी उपयोगी आहार हो सकती है।
अमेरिकन सोसाइटी फॉर न्यूट्रिशन के समिट ‘न्यूट्रिशन 2025’ में प्रस्तुत एक स्टडी में पाया गया कि अगर रोजाना करीब एक कप बीन्स (जैसे काले बीन्स या छोले) खाए जाएं तो शरीर में कोलेस्ट्रॉल और सूजन यानी इंफ्लेमेशन कम हो सकता है। इससे हृदय और मेटाबॉलिक हेल्थ बेहतर रहती है और कई बीमारियों का खतरा कम हो सकता है।
बीन्स में मौजूद फाइबर लंबे समय तक पेट भरा हुआ महसूस कराता है, जिससे बार-बार भूख नहीं लगती और वजन नियंत्रित रखने में भी मदद मिलती है। यही कारण है कि कई हेल्थ एक्सपर्ट इसे हार्ट-फ्रेंडली और वेट मैनेजमेंट के लिए फायदेमंद फूड मानते हैं।
हालांकि हर व्यक्ति के लिए बीन्स समान रूप से उपयुक्त नहीं होती। जिन लोगों को पाचन संबंधी समस्याएं, गैस या इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS) की शिकायत रहती है, उन्हें बीन्स सीमित मात्रा में खाना चाहिए। इसके अलावा किडनी से जुड़ी कुछ बीमारियों में भी डॉक्टर की सलाह के बिना बीन्स का अधिक सेवन नहीं करना चाहिए।

